चौकी हजियानी में कुएं का विवाद निपटने के बाद दोनों समुदाय के लोग शनिवार को सपा दफ्तर पहुंचे, जहां नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम खां ने दोनों समुदाय के लोगों को गले मिलवाया। उन्होंने कहा कि हिंदु और मुसलमान दोनों प्यार-मोहब्बत से रहें। अमन-चैन कायम रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने इस मसले को सूझबूझ से निपटाने पर प्रशासन की भी तारीफ की।
चौकी हजियानी में पिछले कई दिनों से कुएं का विवाद सुलग रहा था। विवाद को लेकर कई बार दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने भी आ गए थे। मामला तूल पकडने पर मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई थी। प्रशासन ने मामला निपटाने के लिए दोनों पक्षों से राबता कायम किया। कई दिन की जद्दोजह के बाद प्रशासन ने दोनों समुदाय के लोगों को राजी कर मामला निपटा दिया। नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम खां शनिवार को पार्टी कार्यालय में जनता की समस्याएं सुन रहे हैं।
इस बीच नगर क्षेत्राधिकारी आले हसन खां, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आरपी सिंह के साथ दोनों समुदाय के लोग दफ्तर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों समुदाय के लोगों ने आजम खां से मुलाकात की।
आजम खां ने कुएं का मामला निपटने पर खुशी जताई। साथ ही दोनों समुदाय के लोगों को गले मिलवाया। आजम खां ने कहा कि हिंदू और मुसलमान प्यार-मोहब्बत से भाई-भाई की तरह रहें।
गंगा जमुनी तहजीब को कायम रखना हम सबका फर्ज है। दोनों समुदाय के लोग किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने प्रशासन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह अधिकारियों की सूझबूझ का नतीजा है कि प्रकरण निपट गया। आइंदा कोई ऐसी बात नहीं होनी चाहिए, जिससे दोनों समुदायों की भावना को ठेंस पहुंचे।