नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम खां ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। कहा कि देश की 125 करोड़ जनता का बादशाह यूपी के लिए इतनी छोटी सोच रखता है, राहत की घोषणा करके भी राहत राशि नहीं भेज रहे। इससे साफ दिखता है कि वह जनता के कितने रहनुमा हैं।
रामपुर में रविवार को आशाओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संसदीय कार्य एवं नगर विकास मंत्री आजम खां ने कहा कि 125 करोड़ जनता का बादशाह यूपी के लिए छोटी सोच रखता है तो ऐसे कैसे काम चलेगा। प्रधानमंत्री ने किसी भी राहत घोषणा की धनराशि नहीं भेजी। सीएम के पत्रों तक का जवाब नहीं दिया।
हमारी सरकार के खिलाफ बगावत कराना चाहते हैं। आजम खां ने कहा कि आजादी के 70 साल बाद भी देश के हालात कैसे हैं? प्रधानमंत्री सीमा पर जवानों का सिर उतारने वालों के यहां मलिहाबाद के आम भिजवाते हैं। बादशाह सिर उतारने वालों की मां के पैर छुएंगे, शॉल ओड़ाएंगे। चुटकी लेते हुए कहा कि हमने कहा था कि हमें प्रधानमंत्री बना दो या पागलखाने भेज दो, हम में भी प्रधानमंत्री बनने की सभी योग्यता हैं और हम भी चाय बना लेते हैं और ढोल भी बजाना आता है।