पशु क्रूरता अधिनियम के तहत गिरफ्तार किए गए आरोपियों को पुलिस ने थाने से ही छोड़ दिया। थाने से छूटे आरोपियों ने शिकायतकर्ता बजरंग दल नेता के घर पर धावा बोल दिया और जमकर फायरिंग की। इस हमले में हालांकि कोई घायल तो नहीं हुआ,लेकिन बाद में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क गया और गुस्साए लोगों ने कोतवाली का घिराव कर लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं व कोतवाल के बीच जमकर झड़ुप हुई। कोतवाल के अड़ियल रवैये से कार्यकर्ताओं में गु्ससा है। पुलिस ने बाद में फायरिंग करने के मामले में भी आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के धनेली उत्तरी गांव के जंगल से 20जून को हिंदू संगठनों से जुड़े कुछ लोगों ने प्रतिबंधित पशुओं को ले जा रहे दो लोगों को धर दबोचा था। पकड़े गए लोगों को कुछ लोगों ने मारपीट कर पुलिस के हवाले कर दिया था। मामले में धनेली उतरी गांव निवासी रवि शर्मा ने आजम और इकराम निवासी खाता नगरिया के खिलाफ पशु क्रूरता तथा गौ वध एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले में पकड़े गए दोनों आरोपियों को कोतवाली से रिहा कर दिया।
आरोप है कि रिहा हुए आरोपी अपने साथियों के साथ बुधवार को धनेली उत्तरी गांव निवासी एवं बजरंग दल के नगर संयोजक रवि शर्मा के पर पहुंच गए और घर में घुसकर तोड़-फोड की। आरोप है कि आरोपी लोगों ने फायरिंग की और तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। आरोप है कि उसके पिता को धमकाया भी गया। मामले की जानकारी होने और आरोपियों की रिहा करने पर हिंदू संगठन के लोगों का गुस्सा भड़क गया।
गुस्साए हिंदू संगठनों के नेता कोतवाल जयराज सिंह के आफिस में घुस गए और उनको घेर लिया। आरोप-प्रत्यारोप होने पर कोतवाल और हिंदू संगठनों के नेताओं में जमकर झड़प हो गई। कोतवाल का कहना था कि सात साल से कम सजा वाले मुकदमे में गिरफ्तारी नहीं हो सकती। इसलिए आरोपियों को छोड़ा गया। घंटे भर कोतवाल अपने आफिस में ही घिरे रहे। मामला तूल पकडने पर कोतवाल ने रवि शर्मा की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ बलवा समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराने का भरोसा दिलाया। तब गुस्साए नेता वापस लौट गए। प्रांत सह संयोजक बजरंग दल के भारत सिंह, यादव,विहिप के विभाग संगठन मंत्री देवेंद्र सोम, विहिप के जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा,. यादव, जिला उपाध्यक्ष हरिओम अग्रवाल, जिला संयोजक बजरंग दल भुपेंद्र मिश्रा, जिला गौ रक्षा प्रमुख मुकेश पटेल, प्रताप सक्सेना, सर्वेश गंगवार, कपिल कोरी, अमृत गौड़, घनश्याम गोस्वामी,विनोद पटेल आदि थे।