रामपुर। ठंड का मौसम बच्चों के लिए समस्या का सबब बनने लगा है। बच्चे कोल्ड डायरिया की चपेट में आने लगे हैं। हालांकि, इस समय वही बच्चे बीमार हो रहे हैं, जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम है। थोड़ी सी लापरवाही में बच्चे बीमार हो जाते हैं। डॉक्टर इलाज करने के साथ ही बच्चों को बीमारियों से बचाव के सुझाव दे रहे हैं।
बुधवार को जिला अस्पताल में 805 मरीज इलाज के लिए पहुंचे, जिसमें 75 बच्चों में कोल्ड डायरिया की समस्या देखने को मिली। वहीं, प्राइवेट अस्पतालों में भी कुछ इस तरह ही बच्चे आते हैं। इन दिनों बच्चों में सबसे ज्यादा सांस की समस्या देखने को मिल रही है। जिला अस्पताल में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ युगल किशोर ने बताया कि अभी ज्यादा दिक्कतें तो नहीं बढ़ी है, लेकिन इन दिनों सुबह-शाम सर्दी व दिन में धूप होने से शरीर के तापमान में उतार-चढ़ाव रहता है।
इस मौसम में लापरवाही भारी पड़ जाती है और बच्चे बीमार हो जाते हैं। सर्दी, जुकाम और सिर दर्द की शिकायत होने के साथ अस्थमा की परेशानी होने का खतरा बढ़ जाता है। बच्चों का प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर होने से भी खतरा बढ़ जाता है। बच्चों को गर्म कपड़े पहनाएं और ठंड से बचाव के पूरे इंतजाम रखें।