रामपुर। ब्लाक प्रमुख के लिए आठ जुलाई से शुरू होने वाली नामांकन प्रक्रिया को लेकर प्रशासन की ओर से एआरओ की तैनाती कर दी गई है। साथ ही पर्चों की बिक्री शुरू हो गई है।
जिला पंचायत का चुनाव संपन्न हो जाने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। घोषित कार्यक्रम के अनुसार आठ जुलाई को नामांकन और दस जुलाई को मतदान व मतगणना होगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिले की बात की जाए तो जिले में ब्लाक प्रमुख के छह पद हैं, जिनका आरक्षण चार्ट पहले ही जारी हो चुका है। ब्लाक प्रमुख पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया ब्लाक दफ्तरों पर शुरू होगी। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ की ओर से स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। साथ ही प्रत्येक ब्लाक में एआरओ की तैनाती कर दी गई है। एआरओ संबंधित तहसील के उपजिलाधिकारी को बनाया गया है। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं स्थानीय निकाय अनिल कुमार ने बताया कि नामांकन पत्र अनारक्षित के लिए आठ सौ रुपये एवं आरक्षित वर्ग के लिए चार सौ रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। जबकि, जमानत राशि के रूप में आरक्षित वर्ग को ढाई हजार रुपये एवं अनारक्षित को पांच हजार रुपये जमा करने होंगे। प्रत्याशियों के लिए खर्च की अधिकतम सीमा दो लाख रुपये निर्धारित की गई है।