मिलक बाईपास पर बस ले जाने पर एआरएम ने तीन चालकों पर की कार्रवाई
मिलक में कस्बे के अंदर बस ले जाने के हैं निर्देश
रामपुर। मिलक में बाईपास से होकर बसें ले जाने पर एआरएम ने तीन रोडवेज चालकों और परिचालकों पर कार्रवाई की हैं। उनके मार्ग पत्र जमा करके उनके डिपो के अधिकारियों को उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा है।
परिवहन विभाग की ओर से आदेश हैं कि जो भी बस नेशनल हाईवे से गुजरेंगी, वह मिलक के अंदर से होकर जाएंगी और वहां मौजूद सवारियों को बस में बैठाएंगी। उसके बावजूद कुछ चालक व परिचालक विभागीय आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं और बाईपास से होकर बसों को ले जाते हैं। वहीं कुछ कस्बे के अंदर से जाने के बाद भी सवारियों को बस में नहीं बैठाते हैं। इससे यात्रियों को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ता है। इस परेशानी को देखते हुए एआरएम ने एक बार फिर कमान संभाल ली। एआरएम कपिल वार्ष्णेय सोमवार को मिलक बाईपास पर संचालन लिपिक दीपक कुमार के साथ स्वयं निरीक्षण के लिए पहुंच गए। इस दौरान उन्हें तीन बसें नगर के बाहर से जाती मिलीं, जिस पर एआरएम ने तीनों बस के चालक और परिचालकों को रोक लिया। उन्होंने इन बसों पर कार्रवाई करते हुए भविष्य में नगर के अंदर से बसें ले जाने और यात्री बैठाने की चेतावनी दी। एआरएम कपिल वार्ष्णेय ने बताया कि चेकिंग की गई। इसमें तीन बसें, जिसमें दो रुहेलखंड डिपो और एक अमरोहा डिपो के चालक और परिचालकों के खिलाफ उनके डिपो के अधिकारियों को कार्रवाई के लिए लिखा है।