जैन मुनि तरुण सागर जी महाराज पर आप नेता व संगीतकार विशाल डडलानी और कांग्रेस नेता तहसीन पूनावाला द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर जैन समाज में रोष व्याप्त है। जैन समाज के लोगों ने गुरुवार को जुलूस निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आप व कांग्रेस नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जैन समाज के लोग शौकत अली रोड से कलक्ट्रेट तक जुलूस निकालकर पहुंचे। यहां पर कलक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन कर समाज के लोगों ने जैन मुनि तरुण सागर जी महाराज पर की गई टिप्पणी को लेकर रोष जताया। जैन मुनि तरुण सागर जी महाराज को हरियाणा विधानसभा में समस्त सदन द्वारा प्रवचन के लिए आमंत्रित किया गया था।
मुनि अपने नियम के अनुसार विधान सभा पहुंचे। आप नेता विशाल डडलानी और कांग्रेस नेता तहसीन पूूनावाला ने अमर्यादित टिप्पणी की। समाज के लोगों की भावनाएं आहत हैं। ज्ञापन की प्रतिलिपि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर को भी भेजी गई है।