रामपुर। अजीमनगर थाना क्षेत्र के स्वार रोड पर सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को बेकाबू कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
करनपुर पेट्रोल पंप के पास खेमपुर इमरती निवासी हाजी अली अहमद और मुख्तियार अली किसी काम से करनपुर पुलिया पर गए थे। इसी दौरान इमरता निवासी हिफजे अली बाइक से वहां पहुंचे और तीनों सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत करने लगे। तभी सामने से आए अनियंत्रित कैंटर ने तीनों को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद चालक कैंटर छोड़कर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने वाहन का पीछा किया, जबकि राहगीरों की मदद से घायलों को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने मुख्तियार अली को मृत घोषित कर दिया। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
दोनों अन्य घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। थानाध्यक्ष कर्म सिंह पाल ने बताया कि अभी परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।