रामपुर। ककरौआ में आंबेडकर पार्क से मजिस्ट्रेट के बाग तक की सड़क का निर्माण एक करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई है।
शहरी क्षेत्र से जुड़े कई गांव की सड़कों की हालत खराब है। पिछले दिनों शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कई सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव भेजा था, जिसमें काजीपुरा चौराहे से लेकर ग्राम मिलक निब्बी सिंह तक मार्ग के नव निर्माण, मजिस्ट्रेट के बाग से पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज वाया ककरौआ आंबेडकर पार्क तक मार्ग का नवनिर्माण एवं बीसरी से मिश्रीनगर मार्ग का नवनिर्माण कराना शामिल था, जिसके बाद शासन ने तीनों सड़कों के निर्माण को मंजूरी दे दी है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गौरव ने बताया कि ककरौआ में मजिस्ट्रेट के बाग से ककरौआ के आंबेडकर पार्क तक सड़क निर्माण होगा,जिसमें 105.57 लाख रुपये का खर्चा आएगा। इसके अलावा कई अन्य सड़कों का निर्माण होगा।
बताया कि इसके अलावा काजीपुरा चौराहे से ग्राम मिलक निब्बी सिंह की सड़क का निर्माण 90.54 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी तरह बीसरी मिश्रीनगर मार्ग के निर्माण को 246.35 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।