सावधान अब एक बार फिर आंधी,तूफान और ओलावृष्टि का खतरा मंडरा रहा है। देश के विभिन्न राज्यों समेत पश्चिमी यूपी में आंधी तूफान के खतरे के अलर्ट के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है। प्रशासन ने इसको लेकर सभी विभागों को सतर्क कर दिया है।
मौसम लगातार करवटें बदल रहा है। पहले दो और फिर आठ मई को देश के तमाम प्रदेशों के साथ ही उत्तर प्रदेश में तूफान ने कहर बरपाया था। हालांकि आठ मई के अलर्ट के दौरान रामपुर में तूफान तो नहीं आया,लेकिन मौसम में मामूली बदलाव जरूर हुआ। मौसम विभाग की ओर से अब एक बार फिर अलर्ट जारी कर दिया गया है।
मौसम विभाग की ओर से पश्चिम यूपी के बीस से ज्यादा जिलों में आंधी, तूफान के साथ ही ओलावृष्टि का अनुमान जताया है। मौसम विभाग की इस आशंका के बाद यूपी सरकार ने भी प्रदेश के तमाम जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है। इसको लेकर अब अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम भरत तिवारी की ओर से जिला स्तरीय अधिकारियों को सतर्क किया गया है।
साफ किया गया है कि 13 और 14 मई को मौसम विभाग ने तूफान, आंधी और ओलावृष्टि की आशंका जताई है इसलिए विभाग पूरी तरह सतर्क रहे। खासतौर से स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन को भी सजग किया गया है। कहा गया है कि कहीं कोई घटना होने की सूचना पर तुरंत अफसरों को सूचना दी जाए।