रामपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला अजीतपुर क्रिकेट क्लब और ज्वाला क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में अजीतपुर क्रिकेट क्लब ने दो रन से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।
ज्वाला क्लब मैदान पर हुए मैच में टॉस जीतकर अजीतपुर क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अजीतपुर क्रिकेट क्लब ने पप्पू के 63 रन और रिजवान के 57 रन की बदौलत निर्धारित ओवर में 171 रन बनाए। ज्वाला क्रिकेट क्लब की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार प्रदर्शन किया लेकिन, निर्धारित बीस ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 169 रन ही बना सकी। ज्वाला क्रिकेट क्लब की ओर से पुनीत ने 50 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली लेकिन, उनकी यह पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी। विजेता टीम को पेक्सफेड चेयरमैन सूर्यप्रकाश पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता और भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक आकाश सक्सेना ने ट्राफी प्रदान की। इस मौके पर सुभाष भटनागर, राजीव मांगलिक, जगपाल यादव, मोहन लोधी, रविंद्र सिंह रवि, अनुज सक्सेना, कुलदीप सक्सेना, पंकज राय, हाजी सरफराज, रमेंद्र गुप्ता, मनोज सक्सेना, अन्नू सक्सेना, विक्की सक्सेना, देवेश गुप्ता, सोनू आदि मौजूद रहे।