रामपुर। दिन भर की खींचतान के बाद आखिरकार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की प्राचार्य डाॅ. नीलम रानी टम्टा ने बीएसए का चार्ज संभाल लिया। हालांकि, इससे पहले बीएसए राघवेंद्र सिंह चार्ज देने में आनाकानी करते रहे।
बीएसए राघवेंद्र सिंह का शासन ने पिछले दिनों महोबा स्थानांतरण कर दिया था। उनको शासन की ओर से डीआईओएस पद पर तैनात किया गया था। 9 जनवरी को आए स्थानांतरण आदेश के बाद शासन की ओर से यहां कोई बीएसए की तैनाती नहीं की गई थी। जिसके बाद डीएम जोगिंदर सिंह ने बीएसए का चार्ज डायट की प्राचार्य डाॅ. नीलम रानी टम्टा को सौंपने के आदेश दिए थे। लेकिन, इस आदेश के बाद भी बीएसए राघवेंद्र सिंह ने चार्ज नहीं छोड़ा। डायट की प्राचार्य सोमवार को चार्ज लेने के लिए बीएसए दफ्तर पहुंची थीं, लेकिन चार्ज देने को टालमटोल होती रही। बाद में डीएम की नाराजगी के बाद आखिरकार बीएसए ने चार्ज डायट की प्राचार्य को दिया। चार्ज न छोड़ने को लेकर विभाग में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। डायट की प्राचार्य को बीएसए का चार्ज मिलने के बाद शिक्षक नेता भी उनके स्वागत के लिए पहुंच गए थे। शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष रवेंद्र गंगवार ने टीम के साथ पहुंचकर प्रभारी बीएसए का स्वागत किया।