रामपुर। बीजी सीरीज के नंबरों के मामले में फंसे एआरटीओ राजेश श्रीवास्तव ने कोर्ट के आदेश के बाद शनिवार को फिर कार्यभार संभाल संभाल लिया। अधिकारियों का कहना है कि वह एफआईआर के खिलाफ कोर्ट में चले गए थे, जहां से आदेश जारी हुए हैं।
सरकारी वाहनों के नंबर निजी वाहनों को जारी कर दिए गए थे। मामला प्रकाश में आने के बाद कई अधिकारी रामपुर पहुंचे थे और जांच पड़ताल की थी। जांच पड़ताल करने में बरेली के आरटीओ के साथ मुरादाबाद के आरटीओ भी शामिल थे। इस बीच एआरटीओ राजेश श्रीवास्तव, डीबीए रामेश्वर नाथ द्विवेदी व एक अन्य कर्मचारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
परिवहन आयुक्त ने एआरटीओ के निलंबन की संस्तुति भी कर दी थी। इसके बाद से एआरटीओ कार्यालय नहीं पहुंच रहे थे। इसपर आरआई अवनेश कुमार को एआरटीओ का प्रभार दे दिया गया था।
मुरादाबाद के आरटीओ राजेश सिंह ने बताया कि एआरटीओ राजेश श्रीवास्तव दर्ज एफआईआर के खिलाफ हाईकोर्ट चले गए थे, जहां से कोर्ट ने आदेश किया है कि 28 नवंबर को सुनवाई से पहले तक वह अपनी सीट पर यथावत बने रहकर काम करेंगे। सुनवाई के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।