शाहबाद। ढकिया चौराहे पर मौजूद 30 साल पुरानी बिल्डिंग ध्वस्त होने के बाद अन्य 14 कब्जेदारों में भी खलबली मची है। नगर पंचायत प्रशासन ने इन कब्जेदारों को नोटिस देकर खुद कब्जा हटा लेने की चेतावनी दी है।
अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार राठौर ने बताया कि रामपुर-बिलारी रोड पर स्थित नाले पर करीब सात लोगों ने अवैध पक्के निर्माण कर लिए हैं। जिस कारण पिछले 20 साल से जल निकासी की समस्या बनी है। बुधवार को ढकिया चौराहे पर तीन मंजिला अवैध निर्मित भवन को ढहाया गया है। मौके से मलबा भी हटाया गया है। इस इमारत के ढहने के बाद अब 14 अन्य कब्जेदार भी नगर पंचायत के निशाने पर आ गए हैं।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि 14 में से करीब सात लोगों ने नाले पर अवैध पक्का निर्माण भी कर रखा है। जिस कारण जल निकासी बाधित है। जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए नाले से अवैध अतिक्रमण हटना जरूरी है। जिसके बाद इन कब्जेदारों को पहला नोटिस दे दिया गया है। दो और नोटिस देने के बाद भी अवैध कब्जा नहीं हटाते हैं तो नगर पंचायत की ओर से पक्के अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अधिकारी की ओर से भेजे गए नोटिस को लेकर कब्जेदारों में खलबली मची हुई है।