स्वार। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में कोर्ट में विचाराधीन प्राथमिकी दर्ज वापस लेने का दबाव बनाने के लिए कुछ लोग एक ग्रामीण के घर में घुस गए और परिवार के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने इस दौरान घर में तोड़फोड़ की और महिला से अश्लील हरकतें भी की गईं। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने चार नामजद समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली अंतर्गत एक गांव निवासी ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसने कुछ समय पहले एक परिवाद दायर किया था, जिसमें कई लोग नामजद किए गए थे। इस परिवाद से नाराज होकर अनवार हुसैन, मोहम्मद अर्श, नाजिर, नफीस, मोहसिन और एक अज्ञात ने 12 मार्च को उसके घर में घुसे और प्राथमिकी दर्ज वापस लेने का दबाव बनाने लगे। जब प्राथमिकी दर्ज वापस लेने से इन्कार किया तो सभी लोगों ने परिवार के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और महिला के साथ अभद्रता करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए गए। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन उसे दर्ज नहीं किया गया।
कोर्ट ने सुनवाई के बाद कोतवाली पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश कर दिया। कोतवाल संजीव कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य प्रकाश में आएंगे, उसके अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।