स्वाऱ। आंधी से क्षतिग्रस्त हुई टांडा से स्वार आ रही हाईटेंशन बिजली लाइन को सुधरने में बिजली कर्मियों को 20 घंटे लग गए। लाइन तो सुधर गई, लेकिन बिजली बहाल होते ही लोकल फाल्ट शुरू हो गए।
बृहस्पतिवार को दोपहर चार बजे आंधी ने लगातार पांच खंभे गिरे थे। इस कारण मुंशीगंज-स्वाऱ के बीच आवागमन ठप हो गया था। विद्युत् कर्मियों की टीम ने लाइन दुरुस्त करने के लिए पहले पेड़ काटे, उसके बाद क्रेन मंगाकर बिजली के पोल उठाकर सीधे किये। रातभर कार्य जारी रहा। शुक्रवार को दोपहर बाद बड़ी मशक्कत से लाइन दुरुस्त हो गई। लाइन टेस्ट की जा रही थी कि ब्रेकडाउन हो गया। यह ब्रेक डाउन ठीक उसी स्थान पर हुआ, जहां 10 दिन पहले राहगीर पर तार गिरने से उसकी जन चली गई थी। गनीमत रही कि तार नहीं टूटा अन्यथा फिर बड़ा हादसा हो सकता था।
इसके अलावा नगर में पुराना स्टेट बैंक के पास लाइन टूटकर गिर गई। लोकल फाल्ट होने से बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। शाम आठ बजे तक भी नगर के कई हिस्से अंधेरे में डूबे हुए हैं। अवर अभियंता ने बताया कि अधिक लोड के कारण फाल्ट हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से कम से कम लोड डालने को कहा है।