स्वार के चौहद्दा कोसी खादर में खनन धंधेबाजों के बीच हवाई फायरिंग
- हवाई फायरिंग से क्षेत्र में फैली दहशत, दोनों पक्षों के पांच-छह लोग हिरासत में
दढ़ियाल/स्वार/मसवासी (रामपुर)। सोमवार को खनन कारोबार में वर्चस्व को लेकर खनन धंधेबाजों के दो गुट स्वार के चौहद्दा खादर में आमने-सामने आ गए। इनके बीच जमकर मारपीट हुई जिसके बाद हवाई फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज से पूरे क्षेत्र में दहशत पैदा हो गई और खेतों में काम कर रहे किसान एवं मजदूर अफरातफरी के आलम में भाग खड़े हुए। घटना में किसी पक्ष को काई व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। सूचना पर स्वार और टांडा के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों के घर दबिश भी दी, जिनके न मिलने पर चार ट्रैक्टर कब्जे में ले लिए। एएसपी ने भी मौके मुआयना किया। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों से पांच-छह लोग हिरासत में ले लिए हैं और रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जाता है कि खनन से लदे वाहनों को खेत से निकालने को लेकर यह विवाद कोसी नदी के चौहद्दा क्षेत्र में हुआ। सोमवार को दो पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में मारपीट के बाद जमकर हवाई फायरिंग हुई। गनीमत रही कि फायरिंग में किसी को गोली नहीं लगी, लेकिन इससे जंगल में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया और खेतों में काम कर रहे लोग दहशत से घरों की ओर दौड़ पड़े। सूचना के बाद मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संसार सिंह, क्षेत्राधिकार स्वार श्रीकांत प्रजापति, एसडीएम टांडा राजेश कुमार, तहसीलदार अवनीश कुमार, कोतवाल हरेंद्र सिंह और नायब तहसीलदार शरद सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
अधिकारियों ने घटना की जांच की जिसमें पता चला कि एक पक्ष दढ़ियाल क्षेत्र के गांव सूरजपुर का जबकि दूसरा पक्ष स्वार क्षेत्र के गांव चौहददा का रहने वाला है। पुलिस ने मौका मुआयना कर आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी लेकिन, आरोपियों के न मिलने पर चार ट्रैक्टर कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस ने मामले में पांच-छह लोगों को हिरासत में भी लिया है।
रविवार को शुरू हुआ था विवाद
विवाद रविवार को चौहद्दा क्षेत्र में एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के खेत से खनन के वाहन निकालने को लेकर हुआ थ। बताते हैं कि एक पक्ष के वाहन चालक के साथ मारपीट की गई थी। सोमवार को सुबह यह विवाद उस वक्त तूल पकड़ गया जब दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के कारोबारी के पुत्र के वाहन पर फायरिंग शुरू कर दी। कुछ ही देर में दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर जमा हो गए जिसके बाद दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे पर जमकर फायरिंग की गई। हालांकि फायरिंग और मारपीट में किसी के घायल होने की सूचना नही है।
दोनों पक्ष मुकदमा दर्ज कराने भी पहुंचे थे थाने
स्वार। विवाद में मारपीट के बाद हुई हवाई फायरिंग के बाद दोनों पक्षों से कुछ लोग टांडा थाने पहुंच गए और एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग करने लगे। इस बीच स्वार क्षेत्र में पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दे रही थी। दबिश के दौरान आरोपियों के न मिलने पर चार ट्रैक्टर कब्जे में ले लिए गए और बाद में पुलिस ने पांच-छह लोगों को हिरासत में भी ले लिया है।
- स्वार क्षेत्र में दो पक्षों में विवाद के बाद फायरिंग हो गई थी। फायरिंग हवाई की गई थी, जिसमें कोई भी घायल या चोटिल नहीं हुआ है। सूचना पर मौके पर जाकर मौका मुआयना किया गया था। इस मामले में दोनों पक्षों के पांच-छह लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
-डॉ. संसार सिंह, एएसपी