रामपुर। नैनीताल रोड पर स्थित टोल प्लाजा पर एक अधिवक्ता के साथ की गई मारपीट के मामले में भोट थानाध्यक्ष द्वारा कार्रवाई न किए जाने से नाराज वकीलों ने शुक्रवार को न्यायिक कार्य नहीं किया। इस दौरान वकीलों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते हुए डीएम को ज्ञापन दिया। साथ ही भोट थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ता मनिंदर सिंह का आरोप है कि वह बुधवार को वह अपने घर से कचहरी आ रहे थे। भोट टोल प्लाजा के पास टोल कर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया साथ ही मारपीट की। मामले की शिकायत भोट थानाध्यक्ष से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मनिंदर सिंह ने इस मामले की शिकायत बृहस्पतिवार को बार एसोसिएशन के समक्ष की थी,जिस पर बार एसोसिएशन ने इस पर आक्रोश जताया था।
बार एसोसिएशन ने शुक्रवार को न्यायिक कार्य न करने का फैसला लिया था। इसी फैसले के अनुसार शुक्रवार को बार से जुड़े अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य नहीं किया। बार अध्यक्ष सतनाम सिंह मट्टू के नेतृत्व में वकील एकत्र हुए और डीएम दफ्तर पहुंचे,जहां उन्होंने प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में सदस्यों का कहना था कि अधिवक्ता ने थाना भोट पर शिकायत की लेकिन थानाध्यक्ष ने कोई भी कार्यवाही नहीं की। बार की बैठक में अधिवक्ताओं ने रोष जताया। साथ ही भोट थानाध्यक्ष के निलंबन की मांग की। वकीलों ने इसके साथ ही अधिवक्ता प्रोटैक्शन एक्ट की भी मांग की। इस मौके पर महासचिव कौशलेंद्र सिंह, जाहिद अली, रिजवान अली, रईस अहमद, राहुल गुप्ता, जाहिद खां के साथ ही अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।