रामपुर। जुमे की नमाज को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट रहा। जुमे की नमाज के मद्देनजर मस्जिदों पर पुलिस और प्रशासनिक अफसरों का पहरा रहा। चौराहों से लेकर सार्वजनिक स्थानों तक पुलिस के जवान तैनात रहे। आईटीबीपी के जवानों ने गश्त की। इस दौरान नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
जिले में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। ऐसे में प्रदेश सरकार की ओर से शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर एहतियात बरतने के निर्देश थे। ऐसा इसलिए क्योंकि 21 दिसंबर को शहर की मुस्लिम तंजीमों की ओर से बंद का आहवान किया गया था, लेकिन प्रशासन के अनुरोध और प्रयासों के बाद आहवान तो वापस ले लिया गया था। बावजूद इसके ईदगाह पर बड़ी तादाद में भीड़ एकत्र हो गई। इसी दौरान हाथीखाना चौराहे पर बवाल हो गया था, जिसमें एक युवक की मौत हो गई थी। लिहाजा, ऐसे में पुलिस प्रशासन जुमे की नमाज को खासा सतर्क रहा। इसके लिए जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनात करने के साथ ही पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा ने पुलिस फोर्स तैनात कर दी। शहर के सभी चौराहों पर पुलिस के जवान तैनात रहे, जबकि आईटीबीपी के जवान भी मुस्तैदी के साथ गश्त करते नजर आए। नमाज के दौरान मस्जिदों पर पुलिस बल खास सतर्क रहा। इस दौरान जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई।