वर्षा पैथोलॉजी लैब के संचालन पर सीएमओ ने रोक लगा दी है। सीएमओ ने लैब संचालिका को किसी भी प्रकार के सैंपल प्रयोगशाला जांच के लिए न लेने और कोई भी जांच न करने के आदेश दिए हैं। जांच करने पर ये रोक बुुधवार को निरीक्षण के दौरान मिली खामियों के बाद लगाई है।
सभी कमियों को दूर कर 15 दिन में लिखित स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है। इस दौरान पैथोलॉजी लैब का संचालन बंद रहेगा। सीएमओ डा. शंकर लाल सारस्वत ने बुधवार को आवास विकास में कचहरी चौराहे के निकट स्थित वर्षा पैथोलॉजी लैब पर छापा मारा था।
छापे के दौरान शहर के वीआईपी इलाके में चल रही प्रतिष्ठित पैथोलॉजी लैब में गंभीर खामियां मिली थीं। सीएमओ डा. शंकर लाल सारस्वत ने बताया कि शार्प निडिल कटर मशीन खराब मिली, बायो मेडिकल वेस्ट निस्तारण का प्रबंध मानकों के अनुसार नहीं था, सैंपल कलेक्शन रजिस्टर और रसीद बुक से पता चला कि प्रत्येक मरीज को शुल्क की रसीद नहीं दी जा रही थी।
रसीद बुक में काटी गई रसीदों की तिथि और क्रमांकों में अनियमितता पाई गई। विभिन्न जांचों की रेट लिस्ट मांगने पर उपलब्ध नहीं कराई गई, उपकरणों के एनुअल मेंटीनेंस का कोई रिकार्ड नहीं मिला।
इस पर पैथोलॉजी लैब संचालिका डा. वर्षा कंसल को नोटिस जारी कर 15 दिन में उपरोक्त कमियों के संबंध में स्पष्टीकरण देने और नियमानुसार कमियों को दूर कर अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। इस अवधि में जब तक कमियों को दूर नहीं किया जाता लैब के संचालन पर रोक लगा दी गई है।