रामपुर। स्वार कोतवाली पुलिस ने किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक अपने पड़ोस में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी का 10 दिन पहले अपहरण कर ले गया था। युवक पक्ष का दावा है कि दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली, लेकिन किशोरी की उम्र 16 साल बताई जा रही है। मामला एक ही संप्रदाय और सजातीय होने के कारण ग्राम प्रधान और रिश्तेदारों ने पंचायत में मामला निपटाने का प्रयास किया, लेकिन किशोरी के परिजनों ने स्वार कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी। युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के साथ धोखाधड़ी की धाराओं में भी रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। कोतवाल संजीव त्यागी को मुखबिर ने शनिवार सुबह साढ़े दस बजे सूचना दी कि आरोपी कमल सिंह समोदिया के अड्डे पर भागने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।