केमरी (रामपुर)। न्यूजीलैंड का फर्जी वीजा थमाकर क्षेत्र के एक युवक से 21 लाख रुपये हड़पने के मामले में पुलिस ने जिला पीलीभीत के थाना पूरनपुर के ग्राम मकरंदपुर निवासी अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने बताया कि 30 मार्च 2024 को क्षेत्र के ग्राम पिपलिया अहला निवासी जगजीत सिंह कंबोज ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि अमृतपाल सिंह ने रमनदीप कौर व लखबिंदर सिंह के साथ मिलकर न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर उससे 21 लाख रुपये लेकर वीजा दिया था।
दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर चेकिंग के दौरान उसका वीजा फर्जी बताकर उसको वापस भेज दिया गया था। इस बाबत आरोपियों से बातचीत की तो उन्होंने उसे दूसरा वीजा या पैसे वापस देने की बात कही थी। काफी समय तक वीजा न मिलने उसने आरोपियों से पैसे वापस करने की बात कही तो उन लोगों ने उसको जान से मारने की धमकी दी। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को थाना क्षेत्र के तीन पानी चौराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया है।