शाहबाद। खंजीपुरा गांव स्थित देशी शराब की दुकान पर कैंटीन संचालक और सेल्समैन के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ाते हुए आरोपी को जेल भेज दिया।
गौरतलब है कि 27 नवंबर की शाम खंजीपुरा स्थित देशी शराब की दुकान पर चार लोग शराब पीने पहुंचे थे। कैंटीन में सामान के रुपये मांगने पर उनका संचालक हेमेंद्र से विवाद हो गया। आरोप है कि चारों ने उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे सेल्समैन निरपेंद्र कुमार के सिर पर आरोपी छुट्टन ने तमंचे की बट से वार कर दिया था। इस मामले में शराब की दुकान के मालिक सूरज गुप्ता ने पुलिस को तहरीर दी थी।
सीओ देवकीनंदन ने बताया कि रविवार को मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी पटवाई क्षेत्र के सहविया कलां गांव निवासी छुट्टन को लोधीपुर तिराहे के पास हनुमान मूर्ति के निकट से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ाकर आरोपी को न्यायालय में पेश किया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। सीओ ने बताया कि इस मारपीट में संभल के महिपाल, लोकेश और मुरादाबाद जिले के बृजलाल के नाम भी प्रकाश में आए हैं। जांच जारी है।