शाहबाद। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया। महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
हादसा रविवार दोपहर करीब 12 बजे शाहबाद-आसफपुर मार्ग पर तुरखेड़ा गांव के पास हुआ। बताया गया कि बंदार गांव निवासी कमला देवी और उनके यहां मेहमानदारी में आईं लक्ष्मी शादी का सामान खरीदने के लिए ई-रिक्शा से शाहबाद जा रही थीं।
इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ई-रिक्शा को टक्कर मारते हुए निकल गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। हादसे में चतरपुर गांव निवासी ई-रिक्शा चालक मदन सिंह भी घायल हो गए। वहीं, ई-रिक्शा में सवार दो अन्य लोगों को भी चोटें आईं। दोनों निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराने चले गए। हादसे में ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद डंपर चालक मौके से भाग गया।