बिलासपुर। खजुरिया थाना क्षेत्र के आरक्षित वन क्षेत्र बंसखेड़िया में खैर के आठ पेड़ काटकर बाइकों से तस्करी करने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
रेंजर आलोक शर्मा के अनुसार, अहरोला बंसखेड़िया बीट प्रभारी फूल सिंह ने खजुरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 10 नवंबर को सुबह करीब सात बजे वन दरोगा श्याम लाल के साथ आरक्षित वन क्षेत्र बंसखेड़िया के डंडिया कक्ष संख्या दो में पैदल गश्त की जा रही थी। इसी दौरान चार व्यक्ति दो बाइकों पर खैर के बोटे लादकर ले जाते दिखाई दिए।
वन कर्मियों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी खैर के बोटे गिराकर बाइक समेत मौके से फरार हो गए। पैदल गश्त होने के कारण वन कर्मी उन्हें पकड़ नहीं पाए। हालांकि, उनकी पहचान यामीन निवासी बिलासपुर, ऐकब, इकराम और नन्हे निवासी चंदुआ नगला चौराहा, थाना खजुरिया के रूप में हुई। सीओ पीपी सिंह ने बताया कि चारों लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।