रामपुर महाविद्यालय में एबीवीपी के कार्यकर्ता हस्ताक्षर अभियान के दौरान
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। पीजी कॉलेज रामपुर की विभिन्न समस्याओं को लेकर एबीवीपी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। छात्र संगठन ने कहा कि लंबे समय से विद्यार्थियों की समस्याओं का निपटारा नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में न सरकार और न ही कॉलेज प्रशासन कोई ध्यान दे रहा है। रामपुर कॉलेज में करीब 5 हजार छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। बावजूद कॉलेज में प्राध्यापकों की कमी चल रही है। कॉलेज में ब्वॉयज हॉस्टल की हालत दयनीय बनी हुई है। इसको देखते हुए एबीवीपी ने कॉलेज की समस्याओं के निपटारे के लिए परिसर में हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रामपुर इकाई अध्यक्ष रॉनी राणा ने कहा कि कॉलेज में बीते लंबे समय से विद्यार्थी कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। कॉलेज में शिक्षकों के खाली पदों से विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर है। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मांगों को महाविद्यालय के सभी छात्रों के समक्ष रखा। इस हस्ताक्षर अभियान में करीब कॉलेज के सभी विद्यार्थियों ने सहमति जताई।
रॉनी राणा ने कहा कि रामपुर महाविद्यालय में प्रदेश के अन्य कॉलेजों की अपेक्षा अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। मगर कॉलेज में अभी भी शिक्षकों के अधिकतर पद खाली पड़े हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षकों के अभाव होने से अभिभावक भी खासे परेशान हैं। इस मौके पर निशांत ठाकुर, इतिशा जिहान, अंजली वर्मा, प्रिया, मार्शल, आशीष ग्रोस्पा, उपासना शर्मा और सिमरन ठाकुर सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।