पंचायत चुनाव में यदि आपका वोट कट गया है तो मौका है कि अपना वोट बनवा लें। प्रधानी चुनाव में यदि वोटिंग करनी है तो जल्द से जल्द वोट बनवाने के लिए सीधे एसडीएम दफ्तर पहुंच जाएं और फार्म भर दें। जिले के सभी ब्लाकों में चरणवार वोटर बनाने का काम किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट इस दफा हंगामों का सबब बनी रहीं। गांव-गांव आवाज उठी कि उनके वोट काट दिए गए हैं और फर्जी वोट जोड़ दिए गए हैं। डीएम से लेकर राज्य निर्वाचन आयोग तक का लोगों ने दरवाजा खटखटाया था। प्रत्याशियों और उनके समर्थक एक-दूसरे पर वोट कटवाने और बढ़वाने के आरोप लगा रहे थे।
वोटों की घटत-बढ़त को लेकर कई गांवों में हंगामे की स्थिति पैदा हुई। मतदान के दौरान भी कई बूथों पर हंगामा हुआ। प्रधान पद के उम्मीदवारों में इसको लेकर बेचैनी बढ़ रही है। जिला और क्षेत्र पंचायत चुनाव निपट चुके हैं। इस बीच आयोग ने वोटर लिस्टों में संशोधन का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
आयोग की ओर से इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। आयोग की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक प्रशासन की ओर से कार्यक्रम तैयार कर लिया गया है। सहायक निर्वाचन अधिकारी अनिल राय के मुताबिक ग्रामीण अपना वोट बनवाने और कटवाने के लिए निर्धारित फार्म भरकर एसडीएम कार्यालय में जमा कराएं।