रामपुर। गवाहों की लंबी चौड़ी फौज भी सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम को दो पासपोर्ट रखने के मामले से सजा से नहीं बचा पाई। सपा नेता की ओर 19 गवाहों को पेश किया गया लेकिन उनकी गवाही पर अभियोजन की ओर से पेश पांच गवाह भारी पड़ गए। लिहाजा अब्दुल्ला आजम को एक बार फिर सात साल की सजा सुना दी गई।
सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो पासपोर्ट मामले में शुक्रवार को एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट शोभित बंसल ने फैसला सुनाया। 2019 में सिविल लाइंस थाने में दर्ज इस मुकदमे में लगातार सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अभियोजन की ओर से क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी नसीम अहमद व मुकदमे के वादी आकाश सक्सेना समेत पांच गवाहों को पेश किया गया जबकि इस मामले में सपा नेता की ओर से अपने बचाव में कुल 19 गवाह पेश किए गए।
अभियोजन अधिकारी स्वदेश शर्मा के साथ ही वादी के अधिवक्ता संदीप सक्सेना की ओर से पैरवी की गई। स्वदेश कुमार ने बताया कि अब्दुल्ला आजम ने दो पासपोर्ट बनवाए थे। इसकी पुष्टि हो गई है। दोनों में जन्म की तारीख अलग-अलग है। इस मामले में अभियोजन की ओर से पासपोर्ट अधिकारी नसीम अहमद की गवाही कराई गई थी जबकि बचाव पक्ष की ओर से गवाहों को पेश किया गया।
-
412 पेजों में दर्ज है आजम-अब्दुल्ला के केस का फैसला
रामपुर। शहर विधायक एवं मुकदमे के वादी संदीप सक्सेना के अनुसार कि इस केस का फैसला 412 पेज में आया है। इस फैसले में पूरे केस का विवरण दिया गया है। इसमें बताया गया है कि आखिर किस तरह अब्दुल्ला आजम ने अपने पिता आजम खां के रसूख के जरिए दो पासपोर्ट बनवाए थे।
-
बचाव पक्ष ने पेश की यह दलील
सपा नेता आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम खां को राजनीतिक रंजिश के आधार पर फंसाया गया है। उनके पास दो पासपोर्ट रखने का आरोप पूरी तरह निराधार है। इसलिए उन्हें कम से कम सजा दी जाए।
अभियोजन की यह रही दलील
अभियोजन पक्ष की ओर से यह दलील दी गई कि सपा नेता आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम का आपराधिक इतिहास है। उनके खिलाफ कई केस दर्ज हैं। इसलिए आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
अभियोजन की ओर से पेश किए गए यह गवाह
वादी एवं शहर विधायक आकाश सक्सेना, सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज पाठक, सिपाही अखिलेश कुमार, पासपोर्ट अधिकारी नसीम अहमद, एसआई लखपत सिंह।
यह रहे बचाव पक्ष के गवाह
लखनऊ की सद्भावना रैली से अखिलेश कुमार, जफरुद्दीन उर्फ जफर खां, आसिम खां, हरज्ञान सिंह, जावेद खां, जाहिद खां, खालिज अली, जुबैर खां, आसिफ अली, अनवार खां, जकी अली जाफरी, फरहान अली,जमीर अहमद, तनवीर फात्मा, अब्दुल करीम खां, डाॅ.रंजीत कुमार, दिलीप शंकर आचार्य।