रामपुर। सपा नेता आजम खां के बेटे और पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। जमानतियों के सत्यापन की रिपोर्ट कोर्ट पहुंच चुकी है। इस समय अब्दुल्ला आजम हरदोई जेल में बंद हैं। शत्रु संपत्ति समेत 42 मामलों में उनकी रिहाई के परवाने हरदोई जेल को जारी कर दिए गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि मंगलवार को उनकी रिहाई हो जाएगी।
सपा नेता आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम को दो जन्म प्रमाण पत्र के मामले में 18 अक्तूबर 2023 को कोर्ट ने सात साल की कैद की सजा सुनाई थी। तब से वह हरदोई जेल में बंद हैं। करीब 17 माह बाद अब उनको धीरे-धीरे सभी मामलों में जमानत मिल चुकी है। 18 फरवरी को शत्रु संपत्ति के मामले में भी उनको कोर्ट जमानत दे चुका है। इसके बाद अब्दुल्ला की ओर से जमानती दाखिल किए जा चुके हैं। कोर्ट ने पुलिस व तहसील से सत्यापन रिपोर्ट मंगवाने के आदेश दिए थे, लेकिन सत्यापन रिपोर्ट कोर्ट नहीं पहुंच पा रही थी। इस वजह से उनकी रिहाई अटक गई थी। सोमवार को सभी 42 मामलों में रिपोर्ट पहुंच गई। जिसके बाद कोर्ट की ओर से सभी 42 मामलों में रिहाई के परवाने हरदोई जेल के लिए भेज दिए गए हैं। अब संभावना जताई जा रही है कि मंगलवार को अब्दुल्ला की रिहाई हरदोई जेल से हो सकती है।