रामपुर। अब्दुल को अब सियासत के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाएगा, बल्कि उसे अपना भविष्य खुद तय करने का अधिकार और सम्मान दिलाया जाएगा। वह आईपीएस, आईएएस, डॉक्टर या वैज्ञानिक बने अथवा कोई दूसरा काम करे, हर हाल में उसका सम्मान होना चाहिए। यह बातें अब्दुल राष्ट्रवादी फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष फसाहत अली खान शानू ने शनिवार को डायमंड कॉलोनी में आयोजित स्वागत समारोह में कही।
फ्रंट के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य समी खान के आवास पर पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अब्दुल की कुर्सी का मतलब सियासत की कुर्सी नहीं, बल्कि सम्मान से है। अब्दुल को उसकी मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए। फ्रंट हर उस कमजोर इन्सान की आवाज बनेगा, जो अपनी बात खुद नहीं उठा सकता।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य समी खान ने कहा कि जल्द ही फ्रंट की पहचान पूरे देश में होगी। शुएब शम्सी ने कहा कि अब्दुल का नाम एहतराम से लिया जाए और उसका सम्मान किया जाए। राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आरिफ खान एडवोकेट ने घोषणा की कि फ्रंट के किसी सदस्य को संगठन की वजह से परेशानी हुई तो वह उसका मुकदमा निशुल्क लड़ेंगे। इस मौके पर तंजील जाफर खान, लवी खान, सैयद मुबश्शिर मियां, जावेद अली, दुल्ली खां आदि मौजूद रहे।