पदयात्रा में एसआईआर के नाम पर वोट काटने का लगाया आरोप, यात्रा ने कई जगह किया भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। आम आदमी पार्टी ने सोमवार को वोट बचाओ, संविधान बचाओ पदयात्रा निकाली। कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में छह दिवसीय पदयात्रा प्रदेश प्रवक्ता फैसल खान लाला की अगुवाई में सोमवार को सुबह मुरादाबाद रोड से जेआर पैलेस से निकली।
प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि एसआईआर के नाम पर भाजपा यूपी में सबसे बड़ी वोटों की चोरी, मतदाता सूची से नाम काटने, गरीब-दलित-पिछड़े-अल्पसंख्यकों को वोट के अधिकार से वंचित करने और संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि वोट केवल एक अधिकार नहीं बल्कि जनता की सबसे बड़ी ताकत है और इसी ताकत को कमजोर करने के लिए एसआईआर को हथियार बनाया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी इस साजिश को हर जिले, हर गांव और हर मोहल्ले में बेनकाब करेगी। संजय सिंह ने कहा कि आज देश में गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति चल रही है। बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की परेशानी, स्कूलों और अस्पतालों की बदहाली जैसे सवालों से भागकर नफरत और डर की राजनीति को आगे बढ़ाया जा रहा है। यात्रा विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए जनता से सीधा संवाद करता हुआ आगे बढ़ी। पदयात्रा शाम को इंशा गार्डन, चमोरा, रेलवे फाटक के पास, दलपतपुर, मुरादाबाद पहुंची, जहां रात्रि विश्राम किया गया।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, प्रदेश प्रवक्ता फैसल खान लाला, प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल, रोहिलखंड प्रांत के अध्यक्ष मो. हैदर, जिलाध्यक्ष अंसार अहमद, सभासद माे. जफर आदि मौजूद रहे।