आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने बसपा विधायक अली यूसुफ अली का घेराव किया। मानदेय बढ़ोत्तरी समेत कई मांगों को लेकर विधायक को ज्ञापन सौंपा। विधायक ने उनकी समस्याओं को विधानसभा में उठाने का आश्वासन दिया। कार्यकत्रियों का कहना था कि केंद्र सरकार उनके साथ उपेक्षा पूर्ण रवैया अपना रही है।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तयशुदा कार्यक्रम के तहत एसोसिएशन के बैनर तले चमरौवा के बसपा विधायक अली यूसुफ अली के आवास पर पहुंची और विधायक के घर का घेराव किया। केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विधायक को ज्ञापन सौंपा। उसमें कहा कि यूपी में अभी तक कार्यकत्रियों का मानदेय नहीं बढ़ाया है।
इतने कम मानदेय में उनके दूसरे सरकारी काम भी लिए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दुर्घटना, मृत्यु या रिटायरमेंट पर किसी तरह की कोई आर्थिक मदद नहीं दी जा रही है। ज्ञापन में कहा कि केंद्र सरकार बजट में कटौती और निजीकरण कर योजना को बर्बाद करने पर तुली है। केंद्र सरकार का रवैया उपेक्षापूर्ण है।
कार्यकत्रियों ने समस्या का समाधान कराने की मांग की। विधायक ने कार्यकत्रियों को आश्वासन दिया कि वह उनकी समस्या विधानसभा में उठाएंगे। जिले के बाकी विधायकों को भी ज्ञापन दिया गया।
ज्ञापन देने वालों मे जिलाध्यक्ष मिथलेश चौधरी, समीना बी, सुषमा रानी, हरपिंदर कौर, बबीता रानी, मंजू बिष्ट, कमलेश गंगवार, मधुलता, नसीम बानो, नसीम खाबर, सुधा शर्मा, रंजना, विद्या देवी, कंचन सक्सेना, संतोष, सुदेश कुमार, चंद्रवती, गीता गुप्ता, रेखा सारस्वत, रंजना, सूरजमुखी, सोमवती, कमलेश, कांता गुप्ता, तबस्सुम, ममता, अनीता शामिल थीं।