शाहबाद। धुरयाई गांव में एक बरात के दौरान मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि बरात में शामिल एक युवक के साथ मारपीट हो गई। घटना के संबंध में टांडा थाना क्षेत्र के मझरा सरावा निवासी मदन ने थाने में तहरीर देकर दो नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़ित मदन का आरोप है कि वह पांच मई की रात शाहबाद के धुरयाई गांव में एक बरात में शामिल होने आया था। उसी दौरान गांव के निवासी सतीश और पप्पू से किसी मामूली बात को लेकर उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि सतीश और पप्पू के साथ दो अज्ञात लोगों ने मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
मदन ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसकी एक चेन गिर गई, जिसकी अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सतीश, पप्पू और दो अज्ञात के खिलाफ मारपीट और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।