टांडा। ग्राम मुंडी मिलक निवासी एक युवक की बुधवार तड़के टांडा-बाजपुर मार्ग पर ग्राम सीकमपुर के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। वह रोजाना की तरह सुबह टहलने निकला था। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से भाग गया।
ग्रामीणों के अनुसार, मुंडी मिलक निवासी मनोज (28) प्रतिदिन सुबह टहलने जाता था। बुधवार तड़के भी वह घर से निकला था। टांडा-बाजपुर मार्ग पर ग्राम सीकमपुर के निकट किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।
मनोज के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसकी तीनों बहनों का विवाह हो चुका है और वह घर में अकेला रहता था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला अस्पताल रामपुर पहुंच गए।
सीओ पंकज पंत ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। संवाद