अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को पकड़कर चौकी पुलिस के किया हवाले
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। जिला अस्पताल के महिला वार्ड में भर्ती महिला मरीजों के साथ अश्लील हरकत कर रहे एक युवक को तीमारदारों ने पकड़कर जमकर पीट दिया। पीटने के बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया ।
शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे महिला अस्पताल के आयुष्मान वार्ड में एक युवक घुस आया। वार्ड में भर्ती महिला से युवक अश्लील हरकत करने लगा। महिला के शोर मचाने पर अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों ने युवक की धुनाई कर दी।
इसके बाद जब अस्पताल में सुरक्षा कर्मी युवक को बचाकर चौकी लेकर जा रहे थे, तभी युवक ने सुरक्षा कर्मियों के साथ भी हाथापाई शुरू कर दी। सुरक्षा कर्मियों ने युवक को चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। अस्पताल में मौजूद लोगों ने बताया कि यह युवक मानसिक रूप से कमजोर है। आए दिन लोगों से कुछ न कुछ मांगता रहता है। बताया कि कई बार लोग इसकी हरकतों के कारण इसे पीट चुके हैं।
-
महिला वार्ड में जाने से पहले करनी होगी एंट्री
रामपुर। जिला महिला अस्पताल में भर्ती मरीजों से मिलने के लिए आने वाले तीमारदारों को अब वार्ड में जाने से पहले अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मियों के पास रखे रजिस्टर में एंट्री करनी होगी। बिना एंट्री के वार्ड में पाए जाने पर तीमारदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा सुरक्षा में चूक होने पर सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई होगी। संवाद
-
सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के लिए भेजा पत्र
रामपुर। सीएमएस ने बताया कि जिला महिला अस्पताल में इस समय सिर्फ पांच ही सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। सुरक्षा कर्मियों की कमी को दूर करने के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। पत्र में पांच और सुरक्षा कर्मियों की मांग की गई है। सुरक्षा कर्मी मिलने के बाद अस्पताल की सुरक्षा और मजबूत हो जाएगी। जिससे अस्पताल में आने वाले बाहरी लोगों पर आसानी से नजर रखी जा सकेगी। संवाद
-
महिला वार्ड में घुसकर मरीजों के साथ अश्लील हरकत कर रहे युवक को पकड़कर चौकी पुलिस को सौंप दिया है। जहां पर चौकी इंचार्ज ने बताया कि युवक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। उसे इलाज के लिए भेजा जाएगा। इसके अलावा सुरक्षा कर्मियों को भी हिदायत की गई है कि महिला वार्ड में बिना एंट्री के किसी भी पुरुष के पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. अनवर सादात, सीएमएस