चालक की अभद्रता से भड़के वकील
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहबाद। एक अधिवक्ता की अचानक तबीयत बिगड़ने की सूचना पर उन्हें देखने जा रहे अधिवक्ताओं की कार को ढकिया चौराहे पर एक ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान ट्रक चालक ने अधिवक्ताओं के साथ अभद्रता कर दी, जिससे अधिवक्ता आक्रोशित हो गए। घटना के बाद चौराहे पर जाम की स्थिति बन गई।
अधिवक्ता मासूम मियां ने बताया कि वह आनंदपाल सिंह, मुनेश यादव, तकरीर खान और निधि गोपाल कार से सीएचसी जा रहे थे। ढकिया चौराहे पर एक ट्रक चालक ने जानबूझकर टक्कर मार दी। हादसे में कार आगे से क्षतिग्रस्त हो गई। इस बीच जब अधिवक्ताओं ने ट्रक चालक से शिकायत की तो उसने अभद्रता की।
अभद्रता करने पर अधिवक्ता आक्रोशित हो गए। इस बीच चौराहे पर भीड़ लग गई और जाम लग गया। उधर सूचना के बाद तहसील से कई और अधिवक्ता भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस मौके पर पहुंच गई। ट्रक चालक को कोतवाली ले आई। सीओ देवकीनंदन ने बताया कि अधिवक्ताओं की कार को टक्कर मारने वाला ट्रक चालक हिरासत में है, नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-
अधिवक्ता के सीने में हुआ दर्द, तुरंत दिया सीपीआर
फोटो
शाहबाद। तहसील में प्रैक्टिस कर रहे अधिवक्ता घनेंद्र यादव को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और उनकी हालत बिगड़ गई। अधिवक्ता सरदार जसवंत सिंह ने बताया कि घनेंद्र यादव के सीने में दर्द होने लगा। तुरंत उन्हें चेंबर पर लेटाया गया और सीपीआर दिया। बिना देरी किए सीएचसी पहुंचाया गया। सीएचसी में मौजूद चीफ फार्मासिस्ट उमेश सिंह नेगी ने बताया कि उन्हें डॉक्टर ने दवा देकर घर भेज दिया था, उनका बीपी काफी बढ़ गया था। संवाद