मिलक। नगर स्थित हरियाली बाजार के सामने तेज रफ्तार कार की टक्कर से पैदल जा रहे 48 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात ईको चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला नई बस्ती स्टेशन रोड, असदुल्लापुर निवासी कैलाश नाथ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई जितेंद्र (48) पैदल घर जा रहे थे। इसी दौरान मिलक में हरियाली बाजार के सामने रामपुर की ओर से गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही ईको कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिलक ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रामपुर रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीओ राजवीर सिंह परिहार के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था।