मिलक (रामपुर)। शादी से चंद दिन पहले एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। बाइक से अपनी शादी का कार्ड बांटने निकले युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद गांव और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना पटवाई क्षेत्र के ग्राम जनकपुर निवासी खुशीराम (22) हरियाणा में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी शादी 29 अप्रैल को होनी थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। शनिवार रात वह अपने गांव निवासी अजय के साथ शादी के कार्ड बांटकर बाइक से घर लौट रहे थे।
मिलक क्षेत्र के क्रमचा रहपुरा के बड़े नाले के पास रात करीब नौ बजे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में खुशीराम और अजय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने दोनों को नगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने खुशीराम को मृत घोषित कर दिया, जबकि अजय को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
परिजन अजय को बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खुशीराम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां मातम छा गया है। प्रभारी निरीक्षक पुष्कर सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।