मिलक। भैंस की पूंछ पकड़कर रामगंगा नदी पार कर रहा एक 19 वर्षीय युवक बुधवार को अचानक गहरे पानी में चला गया। भैंस की पूंछ छूट जाने के बाद लहरों में फंस कर डूब गया। ग्रामीणों ने नदी में उतरकर युवक की तलाश शुरू की, लेकिन करीब पांच घंटे बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। गांव के गोताखोर नदी में युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।
ग्राम कूप निवासी श्यामवीर का 19 वर्षीय पुत्र ओमवीर उर्फ छोटू बुधवार को प्रतिदिन की तरह अपनी भैंसों को चराने के लिए गंगा की ओर गया था। बताया गया कि भैंसों को नदी के दूसरी ओर ले जाने के लिए वह रामगंगा पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया। जिसके कारण वह अपना संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते नदी में समा गया।
हादसे के करीब पांच घंटे बाद भी युवक के नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। गांव के गोताखोर राम गंगा नदी में लगातार युवक की तलाश कर रहे हैं। ग्रामीण भी नदी के आसपास खोजबीन में जुटे हैं।
वहीं, ओमवीर के डूबने की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। रामगंगा के पार ओमवीर का खेत है, जहां वह पशु चराने के लिए जा रहा था। परिजन राम गंगा किनारे युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। सूचना पर एसडीएम शाहबाद ने एडीएम (वित्त एवं राजस्व) को पत्र लिखकर युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम बुलाई।
सीओ पीपी सिंह ने बताया कि ग्राम कूप में एक युवक भैंस की पूंछ पकड़कर रामगंगा पार कर रहा था, बहाव के कारण किसी तरह पूंछ छूट जाने से डूब गया है। एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है, रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया है। देर रात तक उसका सुराग नहीं लगा है, अंधेरे में दिक्कत आ रही है, सुबह तड़के ही फिर उसकी खोज तेज की जाएगी।