परिवार में मचा कोहराम, शाहबाद के बमनपुरी गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहबाद (रामपुर)। क्षेत्र के बमनपुरी गांव में एक युवक अपनी बहन की शादी से 20 दिन पहले रामगंगा में डूब गया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
परिवार के सदस्य लालकरन के मुताबिक उनके भाई नैनसुख का बेटा देशपाल (18) बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे रामगंगा नदी पार खेतों पर गया था। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई, जिसके बाद छोटा भाई अर्जुन उसे देखने के लिए नदी किनारे पहुंचा। नदी किनारे देशपाल की साइकिल और कपड़े पड़े मिले। यह देख अर्जुन के होश उड़ गए। पहले तो आसपास के खेतों में आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
नदी में भाई के डूबे होने की आशंका में छोटे भाई अर्जुन ने घर आकर खबर दी। इसके बाद परिवार और गांव के लोग नदी की ओर दौड़ पड़े, युवक की तलाश शुरू कर दी गई। काफी मशक्कत के बाद देशपाल के चाचा लालकरन ने नदी में गोते लगाकर तलाश की, इस बीच युवक नदी के अंदर मिला।
युवक को आनन-फानन नदी से बाहर निकालकर गांव लाया गया और निजी डॉक्टर को दिखाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल ने परिजनों से संपर्क किया लेकिन परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया। शुक्रवार दोपहर को युवक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। बताया गया कि देशपाल पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर का बेटा था। इस अचानक मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
18 फरवरी को है बहन की शादी, बदायूं से आनी है बरात
नदी में डूबने से युवक देशपाल की मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। परिवार के लोगों ने बताया कि परिवार में बड़ी बहन सर्वेश की शादी 18 फरवरी को होनी है। सर्वेश की बरात बदायूं जिले से आने वाली है। इसी बीच शादी को लेकर घर में तैयारियां चल रही थीं। इन्हीं तैयारी और खुशियों के बीच भाई की मौत ने परिवार के अरमानों पर पानी फेर दिया है, जिस बहन की शादी है वह रो-रोकर कई बार बेहोश हो गई।