हेमकुंड ज्वैलर्स की संचालक ने सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। कोरियर कंपनी के डिलीवरी बाॅय और सिविल लाइंस क्षेत्र के ज्वैलर्स दंपती के बीच चल रहे विवाद में नया मोड़ आ गया है। अब इस मामले में ज्वैलर्स ने डिलीवरी बाॅय पर चार लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए धमकाने व मारपीट का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की ज्वाला नगर निवासी राकेश कुमार कोरियर कंपनी में डिलीवरी बाॅय हैं। पिछले दिनों उन्होंने टैक्सी स्टैंड रोड स्थित हेमकुंड ज्वैलर्स के संचालक के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कराया था, जिसमें उसने ज्वैलर्स दंपती के साथ ही गनर पर मारपीट करने व धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था।
अब इस मामले में हेमकुंड ज्वैलर्स की संचालक इंद्रजीत सिंह ग्रोवर ने सिविल लाइंस थाने में एसपी के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने डिलीवरी बाॅय राकेश कुमार पर चार लाख रुपये की धोखाधड़ी कर उसे हड़पने और रुपये वापस मांगने पर धमकाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि डिलीवरी बाॅय ने उनके पति तरनजीत ग्रोवर के साथ धक्कामुक्की की।
उनकी तहरीर पर पुलिस ने इस मामले में राकेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी संजीव कुमार के अनुसार मामले की जांच चल रही है। मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।