स्वार। रामपुर-बाजपुर रूट पर चलने वाली बसों में अपराधी सक्रिय हैं। बदमाशों ने बुधवार की शाम रामपुर से निजी बस में सवार एक महिला यात्री से पर्स छीन लिया, जिसमें लगभग दो लाख के जेवरात थे। घटना अंजाम देकर भाग रहे बदमाश सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेवरात से भरा पर्स भी बरामद कर लिया है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
रामपुर के जेल रोड निवासी उस्मान का कहना है कि वह बुधवार की शाम अपनी पत्नी रुख्सार को लेकर स्वार के बिजारखाता गांव स्थित ससुराल आ रहा था। दोनों रामपुर से बाजपुर जाने वाली बस में सवार हो गए। इसी दौरान उसकी पत्नी की तबीयत खराब हो गई। वह पत्नी की देखभाल में लग गया। आरोप है कि स्वार पहुंचते ही बस में सवार दो बदमाशों ने पत्नी का पर्स छीन लिया और बस से कूद कर फरार हो गए। पर्स में सोना-चांदी के अलावा आर्टिफिशियल जेवरात रखे थे जिसकी कीमत लगभग दो लाख बताई गई है।
घटना स्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरों में भागते हुए बदमाश कैद हो गए। पीड़ित अपनी पत्नी के साथ कोतवाली पहुंचा। जहां उसने घटना की जानकारी दी। उसने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। बदमाशों की पहचान राहुल निवासी मोहल्ला कुहाड़पीर थाना प्रेमनगर जिला बरेली, हाल निवासी सीएचसी स्वार राहुल और मोहम्मद इरफान निवासी मोहल्ला स्वार खास के तौर पर हुई।
जिन्हें दबिश देकर पकड़ लिया गया। पुलिस ने उनके पास से छीना गया पर्स और जेवरात भी बरामद कर लिए। दोनों के खिलाफ समुचित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है। कोतवाल प्रदीप मलिक ने बताया कि घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बसों में सर्च अभियान चलाया जाएगा।