बिलासपुर। शुक्रवार दोपहर नगर से सटी एक ग्रामीण कॉलोनी निवासी महिला अपने प्रेमी के साथ कोतवाली पहुंची। महिला ने पुलिस को तहरीर देकर पति पर शक करने और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला ने बताया कि वह एक निजी संस्थान में काम करती है। उसका पति उस पर शक करता है और विरोध करने पर मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देता है। महिला ने कहा कि वह अब पति के साथ नहीं रहना चाहती और साथ आए युवक के साथ पत्नी बनकर रहना चाहती है। उसने पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने महिला के पति को भी कोतवाली बुला लिया। पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी जिस संस्थान में काम करती है, उसी संस्थान में कार्यरत एक युवक से उसके संबंध हैं, जिसका वह विरोध करता है, लेकिन पत्नी उसे छोड़ने को तैयार नहीं है।
वहीं, युवक ने भी महिला को पत्नी के रूप में अपने साथ रखने की बात कही। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी कहासुनी हुई। बाद में कुछ लोग पंचायत कराने में लग गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ हर्षिता सिंह ने मामले पर अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि अगर महिला ने कोई तहरीर दी है तो जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।