बिलासपुर। नगर के एक बरात घर में दो अप्रैल की रात करीब 11 बजे विवाह समारोह के दौरान खाना परोसने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि चार लोगों ने वधू के मामा के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। घटना से कार्यक्रम में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजकर चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
क्षेत्र के ग्राम कस्बा राजपुर निवासी साजिद ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उनकी भांजी की शादी थी। मेहंदी की रस्म ग्राम टांडा हुरमतनगर स्थित बरात घर में हो रही थी। आरोप है कि कार्यक्रम में शामिल होने आए टांडा हुरमतनगर निवासी बब्बू, अफसार, शाकुल व जिला बरेली के थाना बहेड़ी के ग्राम मुंडिया निवासी शारिफ ने खाना परोसने को लेकर बदसलूकी शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने साजिद के साथ मारपीट की।
बाद में आरोपियों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घायल साजिद को कोतवाली ले जाया गया, जहां से पुलिस ने उन्हें अस्पताल भेजा। कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।