स्वार। कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव में रविवार की दोपहर कोसी नदी में डूबकर 15 वर्षीय फारुख पुत्र सय्यद जुबैर उर्फ भूरा मियां की मौत हो गई। ग्रामीणों ने शव निकालकर परिजनों को सौंप दिया। शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, फारुख मियां खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर लौट रहा था। साथ में कुछ अन्य बच्चे भी थे। सिर पर चारे का बोझ उठाकर नदी पार करते समय वह तेज धार की भंवर में फंसकर डूब गया। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के किसान मौके पर पहुंचे और करीब पंद्रह मिनट की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
सूचना मिलने पर परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। इसके बाद शव घर लाया गया। शव देखकर परिजन का बुरा हाल हो गया। मां रोते-रोते कई बार बेसुध हो गई। मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। रविवार की शाम उसका शव सुपुर्देखाक कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों की आंखों में भी आंसू छलक उठे।