बिलासपुर। 23 अप्रैल की रात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मानपुर ओझा के पास हुई सड़क दुर्घटना की पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाले युवक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मानपुर ओझा के शर्मा मोड़ निवासी मदन अधिकारी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 23 अप्रैल की रात उनका पुत्र शिभू अधिकारी बाइक से मानपुरओझा से अपने घर आ रहा था। बाइक पर शिभू के साथ गांव निवासी जयदेव गोलदार भी बैठे थे।
आरोप है कि शर्मा मोड़ के पास सामने से आ रहे ग्राम मानपुर ओझा निवासी अमन बैरागी ने अपनी बाइक से उनके पुत्र की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों लोग घायल हो गए। वह अपने पुत्र शिभू व जयदेव को लेकर रुद्रपुर के अस्पताल पहुंचे। रुद्रपुर के अस्पताल के चिकित्सकों ने उनके पुत्र को बरेली रेफर कर दिया। जहां उनके पुत्र की उपचार के दौरान माैत हो गई।
वहीं, अमन बैरागी की भी नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में माैत हो गई। उन्होंने घटना का जिम्मेदार अमन बैरागी को ठहराते हुए नामजद रिपोर्ट लिखाई है। कोतवाली प्रभारी मनीराम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।