केमरी। क्षेत्र के ग्राम बिढ़पुरा में कुत्तों के झुंड ने दो वर्षीय मासूम पर हमला कर उसे करीब 50 मीटर दूर खेत में खींच लिया। बच्चे के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों ने उसे बचाया। हमले में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्राम बिढ़पुरा निवासी नदीम कुरैशी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे उनका दो वर्षीय बेटा हैदर घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान कुत्तों का झुंड वहां पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। दुकानदारों ने डंडों की मदद से कुत्तों को भगाया और परिजनों को सूचना दी। परिजन बच्चे को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
नदीम ने बताया कि कुत्ते उनके बेटे को पास के खेत तक खींच ले गए थे। जब तक दुकानदार पहुंचे, तब तक झुंड उसे बुरी तरह नोंच चुका था। हमले में बच्चे के चेहरे, गर्दन, पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव हो गए।
00000
व्यापार मंडल ने लावारिस कुत्तों से निजात दिलाने की मांग की
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने केमरी स्थित कार्यालय पर बैठक कर नगर पंचायत प्रशासन से लावारिस कुत्तों को पकड़वाने की मांग की। नगर अध्यक्ष पुत्तन अली ने कहा कि नगर में लावारिस कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है और आए दिन लोग व बच्चे हमलों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने नगर पंचायत से जल्द कार्रवाई की मांग की। बैठक में अफसर अली सिद्दीकी, नवी हसन, हाफिज कबीर, नजीर अहमद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।