स्वार। नगर के मोहल्ला खास स्थित खंभे में उतरे करंट की चपेट में आकर बकरी की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित मोहल्ले के लोग बिजलीघर पहुंच गए, जहां उन्होंने विभागीय कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी की।
नगर के मोहल्ला स्वार खास, जालफनगला रोड के किनारे लगे क्षतिग्रस्त खंभे में करंट उतर आया। सोमवार को दोपहर उधर से गुजर रही अशफाक की बकरी खंभे की चपेट में आकर मर गई। दुर्घटना की जानकारी होने पर मोहल्ले के तमाम लोग मौके पर आ गए।
जानकारी होने पर बकरी पालक अशफाक भी आ गया। दुर्घटना से मोहल्ले के लोग आक्रोशित हो गए। वह एकत्र होकर बिजली घर पहुंचे, जहां उन्होंने विरोध प्रकट किया और प्रदर्शन करते हुए विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षतिग्रस्त खंभे को दुरुस्त करने और करंट आने की जानकारी लाइन मैन को पहले भी दी जा चुकी थी, लेकिन खंभा दुरुस्त नहीं किया गया। इसके चलते करंट की चपेट में आकर बकरी मर गई।
उनका यह भी कहना था कि रास्ते से बच्चे भी गुजरते हैं। ऐसे में बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही क्षतिग्रस्त खंभा दुरुस्त नहीं किया गया तो आगामी संपूर्ण समाधान दिवस में विरोध दर्ज कराया जाएगा।
इस दौरान सईद अहमद, मोबीन, नाजिम, यासीन, मोहम्मद याकूब, जावेद, यूसुफ और मोहम्मद इस्लाम आदि लोग मौजूद रहे। एसडीओ हरि दीपक यादव ने बताया कि विद्युत कर्मियों को मौके पर भेजकर खंभा दुरुस्त कराया जा रहा है।