शाहबाद। कोतवाली क्षेत्र के पस्तोर गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों के प्रधान समेत आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पहले पक्ष के शहादत खां के मुताबिक उनके बड़े भाई ग्राम प्रधान राहत खां का गांव के ही मो. अली से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि 26 अप्रैल को जब उनके भाई घर पर नहीं थे, तभी मो. अली, अफ्राहीम, खुशनूर और हैदर खां लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। उस समय घर में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। शोर सुनकर शहादत खां और उनका भतीजा आरिफ खां मौके पर पहुंचे और विरोध किया।
आरोप है कि आरोपियों ने प्लॉट की तरफ न जाने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपियों ने शहादत की भाभी जुबैदा और भतीजी कमरूल के साथ मारपीट कर दी। बताया गया कि जुबैदा के सिर पर लाठी-डंडों और रॉड से वार किया गया, जिससे वह बेहोश हो गई।
दूसरे पक्ष की ओर से इलियास की पत्नी रेशम ने भी तहरीर दी है। इनका आरोप है कि 26 अप्रैल की दोपहर करीब दो बजे जमीन के बंटवारे को लेकर ग्राम प्रधान राहत खां, जमशेर खां, तस्लीम खां और फुरसत खां ने महिला और उनके ससुर हैदर खां के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की। रेशम ने यह भी बताया कि मारपीट के दौरान उसके सोने के कुंडल कहीं गिर गए।
कोतवाल प्रदीप कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।