24 घंटे तैनात रहेंगे कर्मचारी, नौ चेक पोस्ट के कैमरे किए गए ऑनलाइन
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर। अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग की निगरानी अब कलक्ट्रेट से होगी। कलक्ट्रेट में इसके लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में कर्मचारी-अधिकारी इसकी निगरानी करेंगे। शुक्रवार को जिला प्रशासन एक टोल फ्री नंबर जारी करेगा। इस नंबर में जिले में हो रहे अवैध खनन-परिवहन की शिकायत सीधे की जा सकती है।
जिले में उपखनिज के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग का काम धड़ल्ले से चल रहा था। डीएम ने इसके लिए जिले में नौ चेक प्वाइंट बनाए हैं। यहां एआई कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही इसकी मॉनिटरिंग के लिए बृहस्पतिवार से कलक्ट्रेट में कंट्रोल रूम बना दिया गया है।
यहां शुक्रवार से आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये कर्मचारी सीधे चेक प्वाइंट की निगरानी करेंगे। डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि जिले में नौ चेक प्वाइंट में रोज नए-नए अधिकारियों को लगाया जा रहा है। एक अधिकारी-कर्मचारी की ड्यूटी चेक प्वाइंट में एक महीने में एक बार आएगी। इससे यह व्यवस्था पारदर्शी रहेगी।
डीएम ने कहा कि शुक्रवार को एक टोल फ्री नंबर जारी किया जाएगा। इसमें कोई भी व्यक्ति अवैध खनन और परिवहन की शिकायत कर सकता है। शिकायतकर्ता का नाम गुप्त रखा जाएगा। गलत शिकायत करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।